केरल में कांग्रेस आज कर सकती है मुख्यमंत्री चेहरे का ऐलान

    13-May-2026
Total Views |
सोनिया गांधी की तबीयत के चलते फैसले में हुई देरी

Image Source:(Internet)

तिरुवनंतपुरम। केरल विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के एक सप्ताह बाद भी कांग्रेस मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा नहीं कर सकी है। अब माना जा रहा है कि पार्टी आलाकमान बुधवार को इस सस्पेंस को खत्म कर सकता है। केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने संकेत दिए हैं कि पार्टी के भीतर सभी स्तरों पर चर्चा पूरी हो चुकी है और अब केवल दिल्ली से औपचारिक घोषणा बाकी है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने और अस्पताल में भर्ती रहने के कारण फैसले में देरी हुई। 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद से ही मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी के भीतर जोरदार लॉबिंग और गुटबाजी देखने को मिल रही है। कांग्रेस नीत गठबंधन की बड़ी जीत के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर नेताओं के समर्थकों में उत्साह बढ़ गया है।

नेताओं के आवासों के बाहर जुटे समर्थक
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल वरिष्ठ नेताओं के समर्थन में उनके आवासों के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। कोच्चि में वीडी सतीशन के घर के बाहर समर्थकों ने नारेबाजी की, जबकि तिरुवनंतपुरम में रमेश चेन्निथला के समर्थकों ने शक्ति प्रदर्शन किया। वहीं कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल का नाम भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में प्रमुखता से सामने आया है। उनके कोच्चि स्थित आवास के बाहर भी समर्थकों की भीड़ देखी गई। पार्टी नेतृत्व दिल्ली में लगातार बैठकों के जरिए सर्वसम्मति बनाने की कोशिश कर रहा है। हालांकि अब तक किसी एक नाम पर अंतिम मुहर नहीं लग सकी है, जिससे राजनीतिक हलकों में अटकलों का दौर तेज हो गया है।

देरी से बढ़ी सियासी हलचल
मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा में हो रही देरी ने कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को भी उजागर कर दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी नेतृत्व सभी गुटों को संतुलित करने की रणनीति पर काम कर रहा है ताकि नई सरकार गठन के बाद किसी प्रकार का असंतोष सामने न आए। कांग्रेस नेतृत्व के सामने चुनौती यह भी है कि चुनावी जीत के बाद जनता की उम्मीदों पर तुरंत खरा उतरा जाए। अब सबकी निगाहें दिल्ली में होने वाली अंतिम घोषणा पर टिकी हैं, जिससे केरल की नई सरकार का नेतृत्व तय होगा।